लौकी का जहरीला जूस पीने से दिल्ली के एक वैज्ञानिक की मौत की खबर के बाद यहां इस सब्जी के खरीदारों का टोटा हो गया है. इससे परेशान सब्जी वाले आम लोगों को मुफ्त में लौकी का जूस पिला रहे हैं, ताकि लौकी पर उनके भरोसे को फिर कायम किया जा सके.
शहर के राजकुमार मिल क्षेत्र स्थित सब्जी मंडी की यह दुकान कुछ अलग है. इस पर सब्जियां नहीं, लौकी का जूस मिलता है. वह भी एकदम मुफ्त.
सब्जी कारोबारियों के संगठन के उपाध्यक्ष किशोर मरमट ने कहा कि यह दुकान लौकी पर आम आदमी का भरोसा फिर कायम करने के लिये खोली गयी है.
मरमट ने कहा, ‘मीडिया के जरिये जब से यह खबर फैली कि लौकी का जहरीला जूस पीने से दिल्ली के एक वैज्ञानिक की मौत हो गयी, तब से लौकी के इक्का-दुक्का खरीदार बचे हैं. इससे हमारा धंधा मंदा हो गया है और स्टॉक में रखी लौकी खराब हो रही है.’ वह लोगों को लौकी का मुफ्त जूस पिलाने के बाद यह बताना नहीं भूलते कि ‘गुणकारी लौकी सेहत के लिये अमृत की तरह है और आमतौर पर हजारों में से एक-आध लौकी ही जहरीली निकलती है.

No comments yet... Be the first to leave a reply!